विजयीपुर, फतेहपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के यमुना घाट पर रविवार को दर्दनाक हादसे ने सनसनी फैला दी। यमुना नदी में स्नान करने पहुंचे किन्नरों के समूह में शामिल एक किन्नर अचानक गहरे पानी में समा गई। देखते ही देखते वह तेज बहाव में लापता हो गई। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे तथा देर शाम तक नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन डूबी किन्नर का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह मीना बाई किन्नर, नैना किन्नर, नेहा किन्नर और अंजू किन्नर समेत कई लोग बोलेरो वाहन से किशनपुर क्षेत्र स्थित यमुना घाट स्नान करने पहुंचे थे। सभी लोग नदी में स्नान कर रहे थे, तभी अचानक अंजू किन्नर का पैर गहरे पानी में चला गया। इससे पहले कि साथी कुछ समझ पाते, वह तेज बहाव में बहकर डूब गई।
मौके पर मौजूद साथियों ने अंजू किन्नर को बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के चलते सफलता नहीं मिल सकी। घटना के बाद घाट पर हड़कंप मच गया और साथ आए लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलते ही किशनपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश अभियान शुरू कराया। घंटों चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद देर शाम तक अंजू किन्नर का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस लगातार गोताखोरों की मदद से नदी में खोजबीन कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। यमुना घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं हादसे के बाद साथ आए किन्नर समुदाय में गहरा दुख और मातम का माहौल बना हुआ है।


