✍️ फतेहपुर । थाना राधानगर क्षेत्र के हल्का नंबर एक में सोनही गांव के किनारे हरे पेड़ों की अवैध कटान का मामला अब विस्फोटक रूप ले चुका है। कई दिनों से सुर्खियों में चल रहे इस प्रकरण में हल्का नंबर एक के सिपाही का कथित बातचीत वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली कटघरे में आ गई।वायरल वीडियो में सिपाही ठेकेदार से साफ तौर पर कहता सुनाई दिया —“ठेकेदार का चैप्टर खत्म करो, अब मेरी बारी है… मेरी बात सुनो।” इस बयान ने पूरे मामले में भ्रष्टाचार की बू को और तेज कर दिया, जिससे आम जनता में आक्रोश बढ़ गया।हालांकि मामले की जांच क्षेत्राधिकारी को सौंपी गई थी, लेकिन आरोप है कि जांच को जानबूझकर ठंडे बस्ते में डालने की कोशिश की जा रही थी। इसी बीच 20 मार्च को वीडियो दोबारा वायरल हुआ, जिसने पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में ला दिया।इस बार पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सख्त रुख अपनाते हुए बिना देरी किए सिपाही पुष्पेंद्र सिंह को उसी दिन देर शाम तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है और संदेश साफ है—लापरवाही और भ्रष्टाचार पर अब सीधा वार होगा।


