विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति शत प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश
शिक्षा की गुणवत्ता व शत-प्रतिशत उपस्थिति पर डीएम का जोर
बाराबंकी, 13 मार्च 2026।जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिला शिक्षा परियोजना समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री नवीन कुमार पाठक सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं खण्ड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के शैक्षिक स्तर में निरंतर सुधार एवं विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना शिक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कम उपस्थिति एवं शैक्षणिक स्तर वाले विद्यालयों पर विशेष फोकस
जिलाधिकारी ने सभी खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विकास खण्ड के जहाँ विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शैक्षणिक स्तर सामान्य से कम है, वहां के प्रधानाध्यापकों की बैठक आयोजित कर ठोस कार्ययोजना बनाते हुए प्रगति सुनिश्चित कराएं।
उन्होंने कहा कि कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा जिन बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार हुआ है, उन्हें प्रोत्साहित करते हुए सम्मानित किया जाए।
कस्तूरबा विद्यालयों का किया जाए नियमित निरीक्षण
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी ब्लॉकों के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में नामित नोडल अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जाए।निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों का निस्तारण आवश्यक रूप से कराया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों के शैक्षिक स्तर में निरंतर उन्नति सुनिश्चित करना ही हम सभी का मुख्य ध्येय होना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी एवं शिक्षक समन्वित प्रयास करें। बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प,डीबीटी, मध्यान्ह भोजन योजना, विद्यालय निरीक्षण एवं अन्य शैक्षिक गतिविधियों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।


