कृष्ण भक्ति से लेकर हनुमान वंदना तक भजनों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने मोहा श्रोताओं का मन, देर तक भक्तिरस में सराबोर रहे दर्शक
संविधान रक्षक जिला संवाददाता उमेश तिवारी बाराबंकी
बाराबंकी। देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 के सांस्कृतिक आयोजनों की श्रृंखला में शुक्रवार की शाम आयोजित भजन संध्या में भक्ति, संगीत और आध्यात्मिक चेतना का अनुपम संगम देखने को मिला। स्वरोही आर्ट ग्रुप की निदेशिका पूजा पाण्डेय एवं उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की मधुर स्वर-लहरियों और कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कृष्ण भक्ति से ओतप्रोत भजन ‘कान्हा मुरली की तान सुना दे’ से हुआ। इसके उपरांत ‘श्याम के बिना तुम आधे’ और ‘गगरिया तोड़ दी मेरी’ जैसे भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भक्ति और भावनाओं के अनूठे संसार से जोड़ दिया। वहीं, हनुमान भक्ति पर आधारित ‘जय जय बजरंग बली’ तथा ‘वीर हनुमान अति बलवान’ की ओजपूर्ण प्रस्तुतियों ने पंडाल में उत्साह और श्रद्धा का संचार कर दिया। भजनों की लय, सुर और भावपूर्ण गायन पर श्रोता देर तक तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।
इस संगीतमय भजन संध्या में स्वरोही आर्ट ग्रुप की निदेशिका पूजा पाण्डेय के साथ विशाल पाण्डेय, अभिषेक कश्यप, सुरेंद्र यादव, बेबी स्वरोही, अनुष्का पाण्डेय, जितेंद्र कुमार, हरि शंकर, मान्य कश्यप एवं अंजली ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और सधे हुए मंचीय प्रदर्शन से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति संगीत की रसधारा प्रवाहित होती रही और देवा मेला का सांस्कृतिक पंडाल श्रद्धा, उल्लास एवं आध्यात्मिक अनुभूति से गुंजायमान रहा। कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की भरपूर सराहना अर्जित की।
